
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में वोटों की गिनती जारी है। यहां मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच है। जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया को हार मिली है। वहीं, भाजपा के उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने 1844 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। 10 राउंड की वोटिंग पूरी हो चुकी है। इस सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा ने 1844 वोटों से आप के अरविंद केजरीवाल को पछाड़ दिया है।

केंद्रीय मंत्री और हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने दिल्ली में बीजेपी की बढ़त पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली तो झांकी हैं, बिहार अभी बाकी है। जय NDA” कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “दिल्ली विधानसभा के नतीजों के रुझानों से लगता है बीजेपी को लाभ मिल रहा है। कांग्रेस का जो वोट आम आदमी पार्टी में गया था वो कांग्रेसी सोच का था, लेकिन वो बीजेपी में जाता दिख रहा है। इस बात को जन नायक राहुल गांधी समझ गए थे और अपने चुनावी भाषण के माध्यम में लौटाने का प्रयास किया। नेता संदेश दे सकता है जो किया। दिल्ली कांग्रेस तीसरा नैरेटिव, जो सामाजिक न्याय था, उस पर कोई काम नहीं किया। इस तरह भाजपा और आप के बीच कांग्रेस लटकती दिखी। यह स्वर्णिम अवसर था पार्टी का खोया वोट वापस लाने का। शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय नेतृत्व के बीच के अंतर्द्वंद्व का फासले का नतीजा सामने आ रहा है।”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य नेता मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने साथियों को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया है, क्योंकि दिल्ली में 27 साल का बनवास टूट रहा है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा हैं, जिसमें सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर है। इस चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है।












