
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक हिंदू लड़की ने 25 साल की उम्र में ही इतिहास रच दिया है। कशिश चौधरी बलूचिस्तान प्रांत की पहली महिला है, जिन्हें असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर नियुक्त किया गया है। कशिश ने मुख्यमंत्री बुगती से मुलाकात के दौरान कहा कि वह महिलाओं और अल्पसंख्यकों के सशक्तीकरण और प्रांत के समग्र विकास के लिए काम करेंगी।

कशिश के पिता गिरधारी लाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि मेरी बेटी अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के चलते सहायक आयुक्त बन गई है। लाल ने कहा कि उनकी बेटी ने हमेशा पढ़ाई करने और महिलाओं के लिए कुछ करने का सपना देखा था। कशिश चौधरी बलूचिस्तान के चगाई जिले से सुदूर कस्बे नोश्की की रहने वाली हैं। उन्होंने बलूचिस्तान लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की है। कशिश चौधरी के पिता मध्यम वर्गी व्यापारी हैं। पाकिस्तान के समा न्यूज के अनुसार, कशिश ने तीन साल की तैयारी के बाद बीपीएससी की परीक्षा पास की।












