
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। श्री केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर क्रैश होने का समाचार प्राप्त हुआ है। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी तीन लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह हेलीकॉप्टर एक महिला श्रद्धालु को एयर रेस्क्यू करने के लिए संजीवनी हेली एंबुलेंस सेवा के अंतर्गत केदारनाथ पहुंचा था। लैंडिंग के समय तकनीकी दिक्कत के चलते पायलट ने अपनी सूझबूझ से स्थिति को समय रहते भांप लिया और मुख्य हेलीपैड से पहले ही एक सुरक्षित समतल स्थान पर आपातकालीन लैंडिंग कर दी।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी ने इस घटना की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, “पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा! संजीवनी हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, जिसमें एआईआईएमएस ऋषिकेश से आई मेडिकल टीम (डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ) भी मौजूद थी। सभी सुरक्षित हैं।” इस घटना की तकनीकी जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा की जाएगी। प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। चारधाम यात्रा के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर हवाई सेवाओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पायलट की तत्परता ने संभावित जान-माल की हानि को टाल दिया।












