
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलवीर सिंह के निर्देशानुसार और सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. पवन कुमार शगोत्रा के नेतृत्व में, ज़िला होशियारपुर के सभी आम आदमी क्लीनिकों में एंटी-रेबीज़ (रेबीज़ टीकाकरण) टीका उपलब्ध करा दिया गया है। इस जन स्वास्थ्य पहल का उद्देश्य रेबीज़ के प्रसार को रोकना और सभी जानवरों के काटने के पीड़ितों को समय पर देखभाल प्रदान करना है।

इस बारे में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 73 आम आदमी क्लीनिकों में एंटी-रेबीज़ टीका उपलब्ध कराया गया है, जिससे अब ज़िले के लोगों को एंटी-रेबीज़ टीका लगवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पहले यह टीका केवल जिला अस्पताल, सब-डविजनल हस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य संस्थान स्तर के अस्पतालों में ही लगाया जाता था, जिसके कारण लोगों को टीका लगवाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब माननीय स्वास्थ्य मंत्री पंजाब डॉ. बलवीर सिंह के निर्देशानुसार, जिले के सभी आम आदमी क्लीनिकों में यह टीका उपलब्ध करा दिया गया है और लोगों को उनके घरों के नजदीक ही यह सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर अब कहीं भी कुत्ते/जानवर के काटने का मामला आता है, तो ऐसी स्थिति में लोग अपने नजदीकी आम आदमी क्लीनिक में जाकर यह टीका लगवा सकते हैं और चिकित्सा सहायता ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लोगों की स्वास्थ्य देखभाल जागरूकता और उपचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला एपीडिमोलोजिस्ट डॉ. जगदीप सिंह ने किसी भी जानवर के काटने के बाद तुरंत चिकित्सा सहायता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सभी मरीजों को एंटी-रेबीज टीकाकरण का शिड्यूल पूरा करना चाहिए। ये टीके जानवर के काटने के 0वें, 3वें, 7वें और 28वें दिन दिए जाते हैं। जिले के सभी आम आदमी क्लीनिकों में यह उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को एंटी-रेबीज वैक्सीन के साथ-साथ एंटी-रेबीज सीरम की आवश्यकता है, तो वे सिविल अस्पताल, उप-मंडल अस्पतालों या सामुदायिक अस्पतालों में उपलब्ध हैं।












