
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम के पास भगत सिंह चौक से धोबी घाट तक एक अच्छी भली सड़क को जिसे मामूली पैचवर्क से ठीक किया जा सकता था, लेकिन नगर निगम ने ढाई करोड़ रुपये की लागत से ढाई किलोमीटर सड़क बनाने का संदेह भरा फैसला लिया तथा जल्दबाजी में बनाई सड़क ढाई सप्ताह में ही उखड़ गई और नई बनी सड़क जगह-जगह से धंस गई। नगर निगम द्वारा बेहद घटिया सड़क के निर्माण की निंदा करते हुए कांग्रेस पार्टी के नेता पवित्रदीप सिंह लुबाना एमसी, राजिंदर सिंह परमार और डॉ. पीएस मान ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि घटिया सामग्री से बनी इस सड़क की विजिलेंस/सीबीआई से जांच होनी चाहिए। नेताओं ने हैरानी जताते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक ब्रह्मशंकर जिम्पा और मेयर बताएं कि ढाई करोड़ रुपये की इस सड़क की बजरी को चांदी से लेमिनेशन करके बनाया गया है क्या? कांग्रेस नेता लुबाणा, मान व परमार ने आरोप लगाया कि ढाई किलोमीटर पुरानी सड़क को तोड़कर उसमें से निकाली गई बजरी को केवल लुक मिला कर बिछा दिया गया, जोकि ढाई करोड़ रुपये के बड़े घोटाले की ओर इशारा कर रहा है।

इस घटिया सड़क बनाने में नगर निगम के अधिकारी व वर्तमान सत्ताधारी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह मिलीभगत से किया गया बहुत बड़ा घोटाला है। जिसकी विजिलेंस/सीबीआई से जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता नगर निगम में अंधी लूट व घोटाले को बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने विजिलेंस/सीबीआई जांच की मांग की और इस घटिया सड़क को बनाने वाले नगर निगम के मेयर, कमिश्नर, अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विजिलेंस व सीबीआई को शिकायत भेजी जा रही है ताकि इस घटिया सड़क को बनाने में किए गए लाखों रुपये के घोटाले का पर्दाफाश हो सके। इस अवसर पर उनके साथ दर्शन लद्धर मौजूद थे।












