
होशियारपुर ( द स्टैलर न्यूज़)। राणा हाकी अकादमी की तरफ से हाकी के 100 साल पूरे होने की खुशी में 6 साइड हाकी टूर्नामैंट का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त जिला सेहत अधिकारी डा. लखबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें आशीर्वाद देते हुए हाकी के क्षेत्र में प्रदेश व देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हाकी खिलाड़ी व कोच रणजीत राणा के नेतृत्व में राणा हाकी अकादमी ने खेल क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है तथा उन्हें खुशी है कि यहां के खिलाड़ी आज अलग-अलग अकादमियों में चयनित होकर मुकाम हासिल कर रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने हाकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद को याद करते हुए बच्चों को उनके जैसा खिलाड़ी बनने का आह्वान किया और कहा कि जो बच्चे लक्ष्य लेकर चलते हैं, सफलता खुद उनके कदम चूमती है। इस अवसर पर अकादमी के चेयरमैन रणजीत राणा ने बताया कि इस टूर्नामैंट में राउंडग्रास हाकी अकादमी होशियारपुर ने पहला, ऊना हाकी अकादमी ने दूसरा तथा रंकर हाकी अकादमी गुरदासपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने टूर्नामैंट में भाग लेने वाली सभी टीमों का धन्यवाद किया और विजेता टीमों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर दर्शन सिंह, कोच हरपाल सिंह, कोच अजय कटारिया, कोच यशपाल राणा, गुरजिंदर सिंह लाडी, मैडम मनप्रीत कौर व रीतू राणा सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।












