Saturday, October 31, 2026
Home Hoshiarpur राज्य स्तरीय प्राइमरी खेलों में होशियारपुर की कबड्डी टीम ने हासिल किया...

राज्य स्तरीय प्राइमरी खेलों में होशियारपुर की कबड्डी टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)।  साहिबजादा अजीत सिंह नगर में आयोजित राज्य स्तरीय प्राइमरी खेल प्रतियोगिताओं में जिला होशियारपुर की कबड्डी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन टीमवर्क, फुर्ती और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि प्रथम स्थान गुरदासपुर की टीम ने प्राप्त किया, फिर भी होशियारपुर की टीम ने पूरे जिले का नाम रोशन किया।

Advertisements

इस उपलब्धि पर उप जिला शिक्षा अधिकारी अमनदीप शर्मा ने सभी खिलाड़ियों, टीम कोच और अध्यापकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों ने राज्य स्तर पर दमदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि होशियारपुर जिला न केवल शिक्षा बल्कि खेलों में भी मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और अनुशासन के साथ खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कई अधिकारी और शिक्षण व खेल जगत से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें रामनदीप धामी , सेंटर हेड टीचर राकेश कुमार, समार्ट स्कूल कोऑर्डिनेटर सतीश कुमार, बीएसओ सतीश मसीह, भूपिंदर भाटिया, अमनदीप रंधावा, विपन कुमार, वरिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, ओपिंदरजीत सिंह, समीर महाजन, आशीष कम्बोज और नवजोत सिंह शामिल थे। सभी ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों और शिक्षकों ने कहा कि खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और उन्हें टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुण सीखने का अवसर देती हैं।

उप जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि जिला शिक्षा विभाग खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। होशियारपुर की कबड्डी टीम की इस उपलब्धि ने पूरे जिले का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से न केवल स्कूलों बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सभी संबंधित अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में होशियारपुर जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here