
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में आग लगातार बढ़ती जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने बताया कि आग देश के 2 राज्यों लगी है और अब तक करीब 40 घर पूरी तरह तबाह हो चुके है। उन्होंनें बताया कि आग की चपेट में आने से एक फायर फाइटर की मौत हो गई है। रूरल फायर सर्विस कमिश्नर ट्रेंट कर्टिन ने बताया कि 59 साल के एक फायर फाइटर की मौत उस वक्त हुई जब रविवार रात न्यू साउथ वेल्स के बुलाहडेला शहर के पास जंगल की आग से लड़ते समय एक पेड़ गिर गया। इस आग ने 3,500 हेक्टेयर जंगल जला दिया है।

आग की वजह से कई घर भी तबाह हो गए हैं। कर्टिन ने बताया कि फायर फाइटर गंभीर रूस से घायल हो गया था जिसे बचाया नहीं जा सका। स्थानीय सरकारी अधिकारी डिक शॉ ने ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प को बताया कि डॉल्फिन सैंड्स के तटीय इलाके में लगी जंगल की आग से 19 घर तबाह हो गए हैं। शॉ ने कहा कि आग पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका है लेकिन ऐहतियातन इलाके की सड़कों को बंद किया गया है और लोगों को घरों से दूर ही रहने को कहा गया है।












