
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर, बस्सी गुलामहुसैन (होशियारपुर) में आगामी 19 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले 1101 कुंडीय रुद्र महायज्ञ को लेकर आज महात्माओं, संन्यासियों एवं संत समाज ने सामूहिक रूप से समाज से इस दुर्लभ एवं दिव्य यज्ञ में भाग लेने तथा सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संत समाज ने यज्ञ हेतु बांसों से निर्मित की जा रही भव्य एवं विशाल यज्ञशाला का निरीक्षण भी किया।

यज्ञ के संयोजक एवं श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर के आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी उदयगिरि जी महाराज (जूना अखाड़ा) ने कहा कि यज्ञ सनातन धर्म का मूल आधार है। वैदिक काल से ही ऋषियों ने जनकल्याण, वातावरण की शुद्धि एवं लोकमंगल के लिए यज्ञ को अनिवार्य बताया है।
इस अवसर पर श्री कालीनाथ कालेश्वर महादेव तीर्थक्षेत्र (हिमाचल प्रदेश) के आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी विश्वानन्द सरस्वती ने दर्शनशास्त्र की पूर्व मीमांसा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवता हवि (आहुति) को अग्नि अर्थात हवन के माध्यम से ही ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व में मंडरा रहे युद्ध के बादल, प्राकृतिक आपदाएं तथा पर्यावरणीय असंतुलन से रक्षा के लिए ऐसे यज्ञ अत्यंत प्रभावी हैं। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि उनके पितामह गुरु ब्रह्मलीन स्वामी बौद्धानन्द जी महाराज ने वर्ष 1925 में 1101 कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया था। 101 वर्षों के पश्चात होशियारपुर व क्षेत्रवासियों को इस महान यज्ञ में सहभागी एवं यजमान बनने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
स्वामी रामशरणानन्द जी महाराज ने कहा कि यज्ञ की पावन अग्नि एवं मंत्रोच्चार की ध्वनि ब्रह्मांड में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। पट्टी से श्रीमहंत पवनदास जी ने समाज से तन, मन और धन से सहयोग का आह्वान किया।
अनुराग सूद ने बताया कि श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में ब्रह्मलीन स्वामी बसंतगिरि जी महाराज ने 43 वर्षों तक घोर तपस्या की तथा उनसे पूर्व सात आध्यात्मिक विभूतियों ने यहाँ सैकड़ों वर्षों तक साधना की, जिनकी समाधियां आज भी मंदिर परिसर में विद्यमान हैं।
डॉ. हर्षविन्दर सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि यज्ञ में भाग लेने एवं यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालु श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। यज्ञ में सहभागिता हेतु कोई शुल्क निर्धारित नहीं है; श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार सहयोग कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रिंसिपल आरती सूद मेहता, यशोदानंदन गुप्ता, एडवोकेट लवकेश ओहरी, पंकज सूद, देवेंद्र सिंह सैनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ठाकुर नरवीर सिंह नंदी, सेठ सतपाल गुप्ता, प्रवीण सैनी, मनीष तलवार, मोहित प्लाहा एवं ठाकुर नरेंद्र सिंह राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और समाज से महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया।












