
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा की पंजाब में बिजली सप्लाई की बहुत बुरी हालत है। दिन में 6-8 घंटे बिजली बंद रहती है। हैरानी की बात यह है जब लोग नव वर्ष मनाने संबंधी सुबह पूजा पाठ करने की तैयारी कर रहे थे तो शहर के साथ लगते ग्रीन वैली कॉलोनी, अरोड़ा कॉलोनी व आसपास के किसी भी इलाके में बिजली की सप्लाई नहीं थी जो की दोपहर बाद चालू की गई। श्री अरोड़ा ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि विभाग द्वारा कट लगाए जाते समय लोगों की परेशानी को जरा भी ध्यान मे नहीं रखा जाता। क्योंकि सुबह एवं शाम के समय जब पीने वाले पानी की सप्लाई का समय होता है तो उस समय कट लगा दिया जाता है। जिससे परेशानी और बढ़ जाती है जब बिजली की सप्लाई आती है तो जिस तरफ ट्यूबवेल लगा होता है उस तरफ बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाती है।

अरोड़ा ने बिजली विभाग के अधिकारियों से अपील की कि वह कट लगाते समय पीने के पानी की सप्लाई को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में निर्देश जारी करें ताकि लोगों को पानी संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि एक तरफ हम भारत की बुलंद तस्वीर देखते हुए आगे बढ़ रहे हैं और दूसरी तरफ जनता को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वही असमय लगने वाले बिजली कटों के कारण बच्चों की पढ़ाई का नुकसान भी हो रहा है क्योंकि बच्चों की परीक्षाएं भी नजदीक आने वाली है। अरोड़ा ने पंजाब सरकार से अपील की की जनता की परेशानियों को ध्यान में रखें व कम कट लगाए जाएं। और शहरों एवं गांव में बिजली कट लगाए जाने संबंधी भेदभाव भी बंद किया जाए क्योंकि गांव में रहने वाले लोग भी पंजाब के ही वासी हैं।












