
तेलंगाना (द स्टैलर न्यूज़)। तेलंगाना के कामरेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के मुताबक जिले में लगभग 300 आवारा कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सामूहिक हत्या को 6, 7 और 8 जनवरी 2026 को यानी कि 3 दिनों के अंदर अंजाम दिया गया। आरोप है कि यह काम गांव के सरपंचों, सचिवों और कुछ स्थानीय व्यक्तियों ने किया है, जो पशु संरक्षण कानूनों का खुला उल्लंघन है।

घटना की जानकारी मिलते ही पशु कल्याण कार्यकर्ता और स्ट्रे एनिमल फ़ाउंडेशन ऑफ इंडिया नाम के क्रूरता निवारण प्रबंधक अदुलापुरम गौतम ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। गौतम ने शायंपेटा पुलिस स्टेशन जाकर मामले की औपचारिक शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एक FIR दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी इसमें हस्तक्षेप किया। उन्होंने सर्कल इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर से बात की और उन्हें सख्त निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मामला दर्ज करने के साथ-साथ मृत जानवरों का पोस्टमॉर्टम भी कानून के मुताबिक कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और आरोपियों को सजा मिले। इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अदुलापुरम गौतम ने कहा, ‘आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने का एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) ही एकमात्र वैज्ञानिक और मानवीय समाधान है।’ गौतम ने जोर देकर बताया कि ABC नियम 2023 को लागू करने में विफलता और स्थानीय निकायों की निष्क्रियता ने सीधे तौर पर आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि में योगदान दिया है। गौतम ने राज्य सरकार से अपील की कि वे तुरंत बड़े पैमाने पर नसबंदी और बड़े पैमाने पर एंटी-रेबीज़ टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करें। उन्होंनें कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।












