Sunday, November 1, 2026
Home Hoshiarpur दसूहा-हाजीपुर मार्ग की खस्ताहाल से लोग परेशान, पुल की दयनीय हालत भी...

दसूहा-हाजीपुर मार्ग की खस्ताहाल से लोग परेशान, पुल की दयनीय हालत भी हादसों को दे रही न्यौताः राजपूत

दसूहा (द स्टैलर न्यूज़), मनु रामपाल। दसूहा-हाजीपुर रोड़ पर स्थित संगरा चो पुल की खास्ता हालत हादसों का आमंत्रण दे रही है तथा बार-बार चेताए जाने के बावजूद भी संबंधित विभाग पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है। जिससे लगता है कि उसे यहां से गुजरने वाले राहगीरों की जान-माल की जरा भी परवाह नहीं है। पुल की खस्ताहाल ठीक न होने पर रोष व्यक्त करते हुए पूर्व यूथ कांग्रेस प्रधान सन्नी राजपूत ने कहा कि मौजूदा सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है और न ही इस सरकार के अधिकारियों को कोई लेना देना है।

Advertisements

उन्होंने दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह रास्ता यातायात के लहजे से बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से होकर लोग हाजीपुर, तलवाड़ा ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी जाते हैं। परन्तु इस समस्या को उठाए जाने के बावजूद तथा यहां पर कई हादसे होने के बाद भी इसे ठीक करवाया जाना जरुरी नहीं समझा जा रहा, जोकि सरकार और विभाग की उदासीनता को दर्शाता है। गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर हलका विधायक अपने हलके में पड़ते तलवाड़ा व अन्य क्षेत्रों को जाते हैं, लेकिन फिर भी इसकी खस्ताहालत सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाने के लिए काफी है।

राहगीरों एवं आसपास के गांवों के लोगों ने मांग की कि इस मार्ग एवं पुल की हालत को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए। इस संबंधी पीडब्ल्यूडी अधिकारी से फोन पर बात करने पर उन्होंने बताया कि इस मार्ग का 10 करोड़ का टैंडर लग चुका है तथा एकाध हफ्ते में काम शुरु हो जाएगा, जिससे जनता को काफी राहत मिलेगी। अब देखना यह होगा कि सड़क का कार्य कब तक शुरु हो पाता है और पुल की हालत को कितनी देर में ठीक करवाया जाता है ताकि लोग हादसों का शिकार होने से बच जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here