Sunday, November 1, 2026
Home International स्कूल बस व ट्रक में टक्कर, 13 बच्चों की मौत

स्कूल बस व ट्रक में टक्कर, 13 बच्चों की मौत

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग प्रांत में दर्दनाक हादसा होने का समाचार प्रकाश में आया है। स्कूल जा रहे बच्चों से भरी एक मिनीबस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में करीब 13 बच्चों की मौत हो गई। ये हादसा देश के गौतेंग प्रांत में, जोहानसबर्ग के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में सुबह करीब सात बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निजी मिनीबस बच्चों को अलग-अलग प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पांच घायलों को सेबोकेंग अस्पताल और दो को कोपनॉन्ग अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस चालक भी घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सड़क पर किताबें, स्कूल बैग और स्टेशनरी बिखरी पड़ी थीं, जिन्हें देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंच गए।

Advertisements

अपने बच्चों को खोने वाले माता-पिता फूट-फूटकर रोते नजर आए। प्रशासन ने परिजनों को ढांढस बंधाने और स्थिति संभालने के लिए काउंसलिंग टीम तैनात की है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा ने हादसे पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि देश के बच्चे सबसे कीमती संपत्ति हैं और उनकी सुरक्षा के लिए सड़क नियमों और स्कूल परिवहन की गुणवत्ता पर सख्त ध्यान देना जरूरी है। शिक्षा मंत्री ने भी कहा कि स्कूल परिवहन से जुड़े कई हादसे चालक की लापरवाही के कारण होते हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षित स्कूल यात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here