
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अज्जोवाल में 12वीं कक्षा के साइंस के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के लिए अध्यापकों द्वारा विशेष टिप्स दिए गए। इस मौके पर लेक्चरर अनु आनंद ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए एकमात्र साधन मेहनत है। इतिहास गवाह है कि जिन लोगों ने कड़ा परिश्रम किया सफलता ने उनके पांव चूमें है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अध्यापक चाहता है कि उसके पढ़ाए हुए बच्चे अपनी मंजिल को प्राप्त करें। जो बच्चे निरंतर मेहनत करते हैं उन्हें परीक्षा से कोई डर नहीं लगता बल्कि वह तो इस इंतजार में रहते हैं कि कब परीक्षा हो तथा वह उसे उत्तीर्ण करके अपने अध्यापकों के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम भी रोशन करें।

विद्यार्थी को विषय से संबंधित पूरी जानकारी होनी चाहिए क्योंकि आज के दौर में कहीं से भी पेपर में प्रश्न आ सकता है। इस मौके पर लेक्चरर हरिंदर सैनी तथा सीमा हांडा ने भी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह बिना डर के परीक्षा केंद्र में जाकर परीक्षा दें। परीक्षा के दिनों के दौरान अपने खान पान का भी ध्यान रखें। इस मौके पर राजेंद्र पाल सिंह भी मौजूद थे।











