
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हलका होशियारपुर के विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने गांव बहादुरपुर में सरकारी मिडिल स्कूल के सामने स्थित पार्क के नवीनीकरण कार्य की विधिवत शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस पार्क के नवीनीकरण पर लगभग 12 लाख 19 हजार रुपए की लागत आएगी और कार्य पूरा होने के बाद यह पार्क क्षेत्र के लोगों के लिए एक सुंदर और सुविधाजनक स्थान बनेगा। विधायक जिम्पा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहर और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पार्कों का विकास समाज के हर वर्ग के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां बच्चे खेल सकते हैं, बुजुर्ग सैर कर सकते हैं और लोग अपने खाली समय में यहां आकर स्वस्थ वातावरण का आनंद ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पार्क के नवीनीकरण के तहत पार्क में नई पाथवे, बैठने की बेंचें, हरियाली को बढ़ाने के लिए पौधारोपण तथा अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह पार्क पहले से अधिक आकर्षक और उपयोगी बन सके। विधायक जिम्पा ने कहा कि हलका होशियारपुर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क के नवीनीकरण कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर परवीन सैनी, विकास मट्टू, कुलविंदर सिंह हुंदल, राकेश कुमार बिल्ला, मनी गोगिया, बलविंदर राणा के अलावा अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद थे।











