
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधऱ से माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने जा रही प्रिया का मोबाइल मोटरसाइकिल सवार छीनकर फरार हो गए। लेकिन युवा वाहिनी के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा छोटा ने अपनी सूझबूझ से मोबाइल पाने में कामयाबी हासिल की और प्रिया को लौटाया। फोन पाकर प्रिया जहां खुश दिखी वहीं उसने युवा वाहिनी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। जानकारी देते हुए प्रिया ने बताया कि वह जालंधर निवासी है और बुटीक चलाती है।

उसने बताया कि आज वह माता चिंतपूर्णी के दर्शनों को जा रही थी तथा जब वह माता चिंतपूर्णी चौक के पास नारियल पानी पीने के लिए रुके तो वह फोन सुन रही थी, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए। उसने बताया कि उनके पीछे कुछ लोग भागे भी, लेकिन लुटेरे मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। इसी दौरान मौके पर पहुंचे युवा वाहिनी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा छोटा ने उनसे फोन नंबर लिया और उस पर फोन करके लुटेरों को डरावा दिया कि उनका पता चल गया है और वह ईमानदारी से फोन लौटा दें। इस पर दूसरी तरफ से फोन सुन रहे व्यक्ति ने कहा कि उसे फोन खेत में पड़ा मिला है और वह हरियाना रोड पर खड़ा है, वे वहां आकर ले जाएं। इसके बाद युवा वाहिनी सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर फोन लिया और लाकर प्रिया को लौटाया।
प्रिया ने बताया कि फोन छिनने के बाद वह पुलिस स्टेशन गए थे, लेकिन उन्हें एक थाने से दूसरे थाने भेजा जाता रहा। किसी ने भी उनकी सुनवाई नहीं की। लेकिन युवा वाहिनी के सदस्यों ने सूझबूझ से उनका फोन जिसकी कीमत करीब डेढ लाख रुपये थी का पता लगाया और उन्हें लौटाया। जिसके लिए वह सदैव उनकी आभारी रहेंगी। इस मौके पर तरसेम लाल, सुभाष तथा करमजीत मौजूद थे।












