
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के श्री गंगानगर में 13 साल की लावारिस बच्ची के साथ 32 लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के मामले ने एक बार फिर से इंसानियत को शर्मसार कर दिया है तथा इस मामले में शामिल सभी लोगों को श्री गंगानगर के किसी चौक पर सरेआम फंसी पर लटका देना चाहिए ताकि यह सजा औरों के लिए सबक हो। यह बात युवा वाहिनी समिति के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने उक्त घटना पर गहरी चिंता एवं दुख प्रकट करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिस रिक्शा चालक ने उसे बेचा और जिन होटल मालिकों की भूमिका सामने आई है यह सोचने वाली बात है कि उनकी मानसिकता कैसी रही होगी। ऐसे लोगों को सजा देने के लिए भले ही पुलिस ने घटनाक्रम में शामिल 3 होटलों को धवस्त कर दिया है और 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

लेकिन पुलिस को चाहिए कि वह सभी आरोपियों का एनकाउंटर करके मिसाल बनाए कि इस प्रकार का अपराध करने वालों का यही अंजाम होगा। श्री शर्मा ने कहा कि दुख की बात है कि हमारा देश आज भी इस तरह के अपराध से जूझ रहा है जबकि हमारे यहां बच्चियों को देवी के रुप में पूजा जाता है। ऐसे अपराध न हों, इसके लिए समाज को भी पूरी जागरुकता के साथ अपना फर्ज निभाना चाहिए और अपराधिक किस्म के लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में पुलिस की मदद करें। उन्होंने कहा कि आए दिन देश ऐसी घटनाओं से शर्मसार हो रहा है, जिससे विश्व में हमारी छवि धूमिल हो रही है। श्री शर्मा ने केन्द्र सरकार से मांग की कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और सख्त कानून बनाया जाए। उन्होंने वकील भाईचारे से भी अपील की कि इन अपराधियों का कोई भी केस न लड़े और इन्हें जल्द से जल्द फांसी के फंदे तक पहुंचाने का प्रयास करें।











