
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर पालिका कर्मचारी संगठन एवं म्युनिसिपल एक्शन कमेटी पंजाब ने बरनाला में सफाई कर्मियों पर किए गए लाठीचार्ज तथा इस दौरान एक महिला कर्मचारी को गंभीर चोट आने की कड़े शब्दों में निंदा की है। यूनियनों का कहना है कि पहले सरकार ने सफाई कर्मचारियों के साथ वायदा खिलाफी की है और अब लाठीचार्ज करके अपनी मंशा साफ कर दी है कि उसे कर्मचारियों की कोई परवाह नहीं है। लेकिन सरकार शायद भूल गई है कि यही कर्मचारी हैं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी को सत्ता आसीन करने में अहम भूमिका अदा की थी। लेकिन, सरकार के रवैये के चलते आने वाले चुनाव में पूरा हिसाब किया जाएगा तथा इन्हें बता दिया जाएगा कि कर्मचारियों की ताकत क्या होती है।

इस मौके पर संगठन के प्रधान गोपाल थापर, सरपरस्त कुलवंत सैनी, सोमनाथ आदिया तथा सन्नी वगाणिया ने कहा कि शांतमयी ढंग से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करना सरकार की शर्मनाक हरकत है तथा पंजाब पुलिस को मुलाजिमों को भी चाहिए कि वह कर्मचारी विरोधी सरकार के इशारे पर नहीं बल्कि कानून के दायरे में रहकर कार्य करें। क्योंकि, जब भी कोई जत्थेबंदी संघर्ष करती है तो उसका लाभ पुलिस कर्मियों को भी मिलता है। लेकिन, पुलिस भी शायद सरकार के दवाब में काम कर रही है। जिसे तर्कसंगत नहीं कहा जा सकता। उक्त नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि वह कर्मचारियों की आवाज को डंडे को जोर से दबा नहीं सकती और इसके अंजाम के लिए तैयार रहे।












