Saturday, September 12, 2026
Home Hoshiarpur विद्यार्थियों की मुहिम लाई रंग, 19 लोगों ने भरे मरणोपरांत नेत्रदान प्रण...

विद्यार्थियों की मुहिम लाई रंग, 19 लोगों ने भरे मरणोपरांत नेत्रदान प्रण पत्र: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी की ओर से चेयरमैन एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा, नंगल शहीदां में नेत्रदान जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा चलाई जा रही नेत्रदान जागरूकता मुहिम के तहत यह दूसरा कैंप आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की मेहनत और प्रेरणा से उनके अभिभावकों के साथ-साथ गांववासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।कैंप के दौरान जिन विद्यार्थियों ने नेत्रदान जागरूकता की सफलता के लिए कार्य किया जिनमें सिमरन कौर, मनप्रीत कौर, जसलीन कौर, कर्णवीर सिंह , हरगुन जसप्रीत कौर, हर्षवीर कौर, मनरीत भुल्लर उनकी प्रेरणा से  विद्यार्थियों, सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्यों तथा गांववासियों सहित 19 लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान के प्रण-पत्र भरे। सोसायटी की ओर से प्रण-पत्र भरने वाले सभी लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Advertisements

इस अवसर पर प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि नेत्रदान एक महान सामाजिक एवं मानवीय सेवा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा शुरू की गई यह मुहिम समाज में जागरूकता पैदा करने का सराहनीय प्रयास है। यदि युवा वर्ग स्वयं आगे आकर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करे तो समाज में निश्चित रूप से बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नेत्रदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जाए और अधिक से अधिक लोग मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लें, ताकि जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी लाई जा सके। इस अवसर पर वीना चोपड़ा ने कहा कि नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। विद्यार्थियों द्वारा अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता पैदा करने का प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का नेत्रदान दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी ला सकता है और इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता।

इस मौके अश्वनी कुमार दत्ता ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा चलाई जा रही नेत्रदान जागरूकता मुहिम आने वाले समय में एक बड़ी सामाजिक मुहिम का रूप ले सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और गांववासियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को ऐसे नेक कार्यों में आगे आना चाहिए।इस अवसर पर गांव की सरपंच सरबजीत कौर ने नेत्रदान प्रण पत्र भरते हुए रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी की अंधेरी जिंदगी को रोशन करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सोसायटी द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर नेत्र दान प्रण पत्र भरने वालों में परविंदर कौर, सरबजीत सिंह, कर्म सिंह, अमरजीत सिंह, परमजीत कौर, निखिल कुमार, प्रदीप कौर, सूरजकांत, लक्ष्य अग्रवाल, अमरजोत कौर, प्रो. रोहित बल, परवीन बंदन भी शामिल थे।

गांववासियों ने भी कैंप की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि गांव की ओर से भविष्य में बड़े स्तर पर दोबारा नेत्रदान जागरूकता कैंप लगाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके और वे भी इस महान कार्य के लिए आगे आएं। अंत में विजय अरोड़ा ने कैंप में सहयोग देने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, गांव के सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्यों, गांववासियों तथा सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नेत्रदान जैसी महान मुहिम को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं नेत्रदान का संकल्प लें और अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर वीना चोपड़ा,विजय अरोड़ा, अश्वनी कुमार दत्ता व अन्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here