Sunday, September 13, 2026
Home Hoshiarpur संतुलित आहार से बीमारियों से रहें दूर : डॉ. मनप्रीत कौर

संतुलित आहार से बीमारियों से रहें दूर : डॉ. मनप्रीत कौर

होशियारपुर/चक्कोवाल (द स्टैलर न्यूज़): सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों और पी.एच.सी. चक्कोवाल ब्राह्मणा की एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर के नेतृत्व में पोषण एवं संतुलित आहार के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए संतुलित आहार का सेवन बेहद जरूरी है। शरीर को स्वस्थ रखने, रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए दैनिक आहार में सभी आवश्यक पोषक तत्व उचित मात्रा में शामिल होने चाहिए।

Advertisements

इस अवसर पर ए.ए.के. फतेहपुर की सी.एच.ओ. मनदीप कौर ने जानकारी देते हुए कहा कि संतुलित आहार में अनाज, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, दूध एवं दूध से बने पदार्थ, अंडे तथा अन्य प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ उचित मात्रा में शामिल किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की आयु, कार्य की प्रकृति तथा पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार आहार का चयन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में फास्ट फूड, अधिक तले हुए खाद्य पदार्थ, मीठे पेय पदार्थ और अधिक नमक वाली चीजों का बढ़ता सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करके घर का ताजा, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन खाने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि दैनिक आहार में फलों एवं सब्जियों का सेवन बढ़ाया जाए, पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पिया जाए तथा खाना बनाने और भोजन करते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों को छोटी उम्र से ही पौष्टिक भोजन खाने की आदत डालनी चाहिए, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।

इस अवसर पर म.प.ह.व. राजविंदर कौर, बलजीत सिंह, आंगनवाड़ी वर्कर तथा आशा वर्कर रणजीत कौर भी उपस्थित थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here