
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के सोनीपत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने महज 6 महीने के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। घटना सोनीपत की सिक्का कॉलोनी की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा अपनी चाची की गोद में था, तभी अचानक पिटबुल महिला पर झपट पड़ा। संतुलन बिगड़ने से महिला नीचे गिर गई और मासूम भी जमीन पर जा गिरा।

इसके बाद पिटबुल बच्चे के आसपास घूमता रहा और उस पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने के लिए आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति ने डंडे से कुत्ते को हटाया, जिसके बाद बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया जा सका। परिजनों के मुताबिक, हमले में बच्चे के चेहरे, पेट और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं। घायल मासूम का इलाज फिलहाल रोहतक के PGIMS अस्पताल में चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












