
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सर्व मंगल जन सेवा संस्थान जयपुर के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान धनवंतरी वैद्य मंडल पंजाब के प्रधान वैद्य सुमन कुमार सूद को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉक्टर आचार्य अभिमन्यु पाराशर की अध्यक्षता में किया गया जिस दौरान देश भर से आए ज्योतिविदो तथा विशिष्ट अतिथियों का उनके अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए सम्मान किया गया। इनमें ज्योतिष से संबंधित लोग, एडवोकेट, डॉक्टर, वैद्य तथा समाज सेवा करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि हमें अपने-अपने ज्ञान को अपने तक ही सीमित नहीं रखना चाहिए बल्कि उसे दूसरे लोगों के साथ भी बांटना चाहिए। ताकि अनुभवों और विचारों का परस्पर आदान-प्रदान किया जा सके। संस्थान की तरफ से इस अवसर पर ज्योतिष से जागरूक समाज सेवा से समृद्ध राष्ट्र का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता,उपाध्यक्ष संदीप भार्गव, सचिव अभिमन्यु पाराशर, कोषाध्यक्ष महेश बध्वानी, मीडिया प्रभारी शरद ने अपने-अपने क्षेत्र में गणमान्यो द्वारा दिए गए बहुमूल्य योगदान का उपस्थिति को परिचय करवाया।

इस मौके पर वैद्य सुमन कुमार सूद ने कहा कि कार्यक्रम में देशभर से आए अलग-अलग क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों से अपने अनुभव साझा करने का इतना बड़ा मंच आयोजनों द्वारा उपलब्ध करवाया जाना वास्तव में उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ज्योतिष प्राचीन समय से चला आ रहा है इसी तरह आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली भी प्राचीनतम चिकित्सा प्रणालियों में से एक है। इसमें हर रोग का इलाज है लेकिन इसके लिए जरूरी है कि हम सबको इसमें विश्वास होना चाहिए जब तक किसी भी चीज पर विश्वास नहीं होगा तब तक उसका पूरा लाभ नहीं उठाया जा सकता। आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली से किया गया इलाज लंबी अवधि तक चल सकता है लेकिन यह रोग को एक बार खत्म करके फिर उसे पनंपने नहीं देता। इस मौके पर वैद्य गुरमेज राम, परमजीत सिंह, अरविंद कुमार तथा अशोक वोहरा भी विशेष तौर पर उनके साथ थे।












