Thursday, September 24, 2026
Home Latest जेजों-माहिलपुर और नंगल-गढ़शंकर रोड पर माइनिंग सामग्री से लदे टिप्परों की जांच

जेजों-माहिलपुर और नंगल-गढ़शंकर रोड पर माइनिंग सामग्री से लदे टिप्परों की जांच

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के गांव जेजों से माहिलपुर रोड और नंगल से गढ़शंकर रोड पर माइनिंग सामग्री ले जाने वाले टिप्परों/ट्रकों की जांच की गई। क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट अधिकारी (आर.टी.ओ.) अमनदीप कौर ने जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो टिप्परों पर जुर्माना लगाया। आर.टी.ओ. ने बताया कि जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा इन मार्गों पर शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक ही टिप्परों/ट्रकों की आवाजाही की अनुमति संबंधी आदेश जारी किए गए हैं। निर्धारित समय के अलावा इन सड़कों पर माइनिंग सामग्री ले जाने वाले टिप्परों/ट्रकों की आवाजाही पर रोक है।

Advertisements

उन्होंने बताया कि माहिलपुर रोड और नंगल से गढ़शंकर रोड पर माइनिंग सामग्री ले जाने वाले टिप्परों/ट्रकों के कारण सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। इसी कारण जनहित को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों पर माइनिंग सामग्री ले जाने वाले टिप्परों/ट्रकों की आवाजाही को समयबद्ध तरीके से चलाने के आदेश जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि आज की जांच के दौरान इन आदेशों का उल्लंघन करते हुए दो टिप्पर पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नियमानुसार जुर्माना किया गया। उन्होंने कहा कि यह जांच आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उप पुलिस कप्तान, गढ़शंकर यह सुनिश्चित करेंगे कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा टिप्परों/ट्रकों की ओवरस्पीड की जांच की जाए। उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन संबंधी जांच तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा, कार्यकारी इंजीनियर, ड्रेनेज-कम-जिला माइनिंग अधिकारी, होशियारपुर द्वारा अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही चेक पोस्ट पर वजन मापने वाले कांटे का इस्तेमाल करते हुए ओवरलोडेड टिप्परों की जांच की जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here