
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने राज्य के गैर-पीएम श्री सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत दी है। समग्र शिक्षा अभियान के लर्निंग एन्हांसमेंट प्रोग्राम (LEP) और कॉम्पिटेंसी एन्हांसमेंट प्रोग्राम (CEP) के तहत कुल 2,69,28,600 रुपये का फंड स्वीकृत और जारी किया गया है।

यह राशि राज्य के सभी 23 जिलों के 5,38,572 छात्र-छात्राओं को प्रमुख विषयों—गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, पंजाबी और हिंदी की योग्यता-आधारित वर्कशीट्स (Competency Based Worksheets) के प्रिंट और फोटोकॉपी करवाने के लिए दी गई है। इसके तहत प्रति छात्र 50 रुपये की दर से आवंटन किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, लुधियाना जिले को सर्वाधिक 60,297 छात्रों के लिए 30.14 लाख रुपये और अमृतसर को 44,099 छात्रों के लिए 22.04 लाख रुपये से अधिक का फंड आवंटित हुआ है।
स्कूल स्तर पर बनेगी 5 सदस्यीय कमेटी एससीईआरटी की हिदायतों के अनुसार, ग्रांट के पारदर्शी उपयोग के लिए प्रत्येक स्कूल में 5 सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी। इसमें स्कूल प्रमुख, तीन वरिष्ठ शिक्षक या लेक्चरर और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) का एक सदस्य शामिल रहेगा। कमेटी की सहमति और प्रस्ताव पारित होने के बाद ही वर्कशीट्स की प्रिंटिंग व फोटोकॉपी उच्च गुणवत्ता के साथ कराई जाएगी।
विभाग ने क्यूआर कोड के माध्यम से जरूरी वर्कशीट्स उपलब्ध करा दी हैं, ताकि विद्यार्थी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी सुचारू रूप से कर सकें। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी डीईओ, डाइट फैकल्टी और मुख्यालय की विशेष टीमों द्वारा की जाएगी। स्कूल प्रमुखों को 30 अक्टूबर 2026 तक उपयोग प्रमाण-पत्र (UC) जमा करने और 5 नवंबर 2026 तक ‘प्रबंध पोर्टल’ पर खर्च का ब्योरा दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।












