Thursday, November 5, 2026
Home Hoshiarpur बच्चों के जीवन में रोशनी लौटाने का कार्य अत्यंत पुण्य एवं प्रेरणादायक:...

बच्चों के जीवन में रोशनी लौटाने का कार्य अत्यंत पुण्य एवं प्रेरणादायक: आशिका जैन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी (रजि.), होशियारपुर के प्रयासों से दो नन्हीं बच्चियों सफ़रा और राजवती का सफल कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन करवाया गया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोसाइटी द्वारा दोनों बच्चियों की डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर श्रीमती आशिका जैन से मुलाकात करवाई गई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर ने बच्चियों को अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

Advertisements

इस अवसर पर श्रीमती आशिका जैन ने रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी द्वारा मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों, विशेषकर बच्चों के जीवन में दृष्टि की रोशनी लौटाना अत्यंत पुण्य, सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को दोबारा इस खूबसूरत दुनिया को देखने का अवसर देना उसके साथ-साथ पूरे परिवार के जीवन में खुशियां और नई उम्मीद लेकर आता है। समाज से अंधेपन को कम करने तथा जरूरतमंद लोगों को दृष्टि प्रदान करने में ऐसी सामाजिक संस्थाओं और दानदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस नेक कार्य में अपना योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने दोनों बच्चियों के सफल कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सोसाइटी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों को मानवता की सेवा के इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई दी।

सोसाइटी के संरक्षक डॉ एम. जमील बाली  ने डिप्टी कमिश्नर को संस्था की सामाजिक एवं नेत्रदान संबंधी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसाइटी अब तक कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित 4,183 लोगों का कॉर्निया प्रत्यारोपण करवाकर उनके जीवन में रोशनी लाने का सराहनीय कार्य कर चुकी है तथा 34 मरणोपरांत शरीर पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए भेजे जा चुके हैं और डा. बाली ने बताया कि सोसाइटी का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित  जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उन्हें अंधेपन से मुक्त कर नई रोशनी प्रदान की जा सके।

इस अवसर पर प्रधान जे. बी. बहल ने विशेष रूप से बताया कि बच्ची सफ़रा के कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन एवं इलाज का पूरा खर्च पंचकूला निवासी श्रीमती सुलक्षणा वोहरा प्रधान गोल्डेन लायनेस डिस्ट्रिक्ट 321- ए2 (पंचकूला) के सहयोग एवं प्रेरणा से श्रीमती ललिता भोला पूर्व प्रधान गोल्डेन लायनेस द्वारा वहन किया गया। उन्होंने इस मानवीय कार्य के लिए दोनों समाजसेवी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से ही जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद मिलती है और श्री बहल ने बताया कि सोसाइटी अब तक देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 300 से अधिक छोटे बच्चों का ऐसे दानी सज्जनों के सहयोग से कॉर्निया प्रत्यारोपण करवा चुकी हैं।

सोसाइटी के सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने कहा कि रोटरी आई बैंक का मूल उद्देश्य कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को दृष्टि प्रदान कर उनके जीवन में खुशियां एवं आत्मविश्वास लौटाना है। उन्होंने बच्चियों के सफल उपचार में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, समाजसेवियों एवं संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सोसाइटी भविष्य में भी मानवता की सेवा और नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।इस अवसर पर बच्चियों के परिजन एवं रोटरी आई बैंक के सदस्य डॉ. तरसेम सिंह, डा. लखविंदर कुमार, प्रो. राजीव शर्मा, रमिन्द्र सिंह, जसबीर कंवर व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here