Tuesday, October 20, 2026
Home Hoshiarpur आयुर्वेदिक प्रणाली में जड़ी बूटियों द्वारा किया गया इलाज पक्का होता है:...

आयुर्वेदिक प्रणाली में जड़ी बूटियों द्वारा किया गया इलाज पक्का होता है: विधायक अरोड़ा

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। धनवंतरी वैद्य मंडल पंजाब द्वारा प्रधान सुमन कुमार सूद की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय आयुर्वेदिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक सुंदर शाम अरोड़ा, पूर्व सांसद कमल चौधरी तथा जिला कांग्रेस के प्रधान डॉ कुलदीप नंदा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। जबकि डॉक्टर बलविंदर वालिया, महंत बीर प्रताप, वैद्य परसोत्तम दास विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर विधायक सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि आयुर्वेदिक प्रणाली से जड़ी बूटियों द्वारा किया गया इलाज पक्का होता है। उन्होंने कहा कि हमें इसे अपने जीवन का अंग बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धनवंतरी वैद्य मंडल आयुर्वेद के प्रसार के लिए लगातार काम कर रहा है। आज इस सम्मेलन में जड़ी बूटियों की लगाई गई प्रदर्शनी इस बात की ओर इशारा करती है कि मंडल के सदस्य आयुर्वेद के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने धन्वंतरी वैद्य मंडल को एक लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

Advertisements

समागम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कमल चौधरी ने कहा कि वैद्य हकीम गांव गांव में लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन बीमारियों का दूसरी पद्धतियों में इलाज नहीं है उनका इलाज भी आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली में संभव है। पहले लोग घरों में ही देसी इलाज करके अपने आप को ठीक कर लेते थे। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली को आगे बढ़ाने के लिए धन्वंतरी वैद्य मंडल के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह वैद्य हकीमो की उचित मांगों को जल्द हल करें ताकि वह निश्चिंत होकर अपना काम कर सके।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान डॉ कुलदीप नंदा ने कहा कि उन्होंने कई बार सरकार के सामने इस वर्ग की समस्याओं को रखा है तथा उन्हें आशा है कि जल्द ही इसके सार्थक परिणाम निकलेंगे। धन्वंतरी वैद्य मंडल के प्रधान सुमन सूद ने आए हुए मेहमानों का स्वागत करते कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली सर्वोत्तम चिकित्सा प्रणाली है। उन्होंने कहा कि सरकार हमारे सब्र का इम्तिहान ले रही है। जब बाकी वर्गों की समस्याएं हल हो सकती हैं तो वैद्य हकीमो को क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है। इस मौके पर सुंदर शाम अरोड़ा, कमल चौधरी तथा डॉ कुलदीप नंदा ने मंडल के सोविनर को भी रिलीज किया। मंडल द्वारा सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here