
अमृतसर(द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि एक बार फिर भरे बाजार दिन के समय बठिंडा में व्यापारी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई और पंजाब में कोई दिन ऐसा नहीं जाता जिस दिन किसी न किसी की गोलियों से हत्या न हो जाए, लूट न हो जाए। धमकी देकर रुपये न लिए जाएं और कई तरह की जनविरोधी गतिविधियां गुंडों द्वारा की जा रही हैं। पंजाब सरकार को याद रखना होगा कि जनता को और जितनी चाहे सुविधाएं दे दे, जब तक जीवन और संपत्ति की रक्षा नहीं होगी तब तक सरकार किसी भी प्रकार से अच्छी सरकार नहीं कही जाएगी। सरकार का पहला काम जिंदगी की सुरक्षा देना है, जो वह नहीं दे पा रही।

इसके साथ ही पुलिस को अपना पुराना व्यवहार गुलामी के दौर का बदलना होगा। पुलिस की हिरासत में और पुलिस के व्यवहार से दुखी होकर जितने लोग आत्महत्या कर रहे हैं वह भी पंजाब के माथे पर कलंक है। कल फिर एक आरोपी के पिता श्री सुखदीप सिंह को थाने बुलाकर जलील किया और उसने वापस आते ही जहरीली दवा पीकर जान दे दी। इससे पहले मोहाली, जालंधर की घटनाएं भी पंजाब पुलिस के लिए शर्मनाक और काला धब्बा हैं। जब तक पुलिस की पुरानी गुलामी के दिनों की संस्कृति नहीं बदली जाएगी पुलिस जनता की इज्जत करना नहीं सीखेगी और लोगों की जिंदगी की रक्षा नहीं करती, कोई भी सरकार अच्छी सरकार नहीं कही जाएगी और जनता सुखी नहीं हो सकती।












