
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिवसेना समाजवादी पार्टी के कार्यकारी पंजाब प्रधान जावेद खान ने एक बयान जारी कर केन्द्र सरकार से बंगलादेश के हिन्दुओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होने कहा कि बंगलादेश में तख्तापलट के बाद से हिन्दुओं पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। वहां पर हिन्दुओं के मंदिरों और संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। अभी हाल ही में कट्टरपंथियों ने प्रदर्शन कर इस्कॉन जैसी संस्था को बंद करने की बेतुकी मांग की। यही नहीं इस रोष प्रदर्शन के दौरान हिन्दुओं को जान से मारने की धमकियां भी दी गई। मगर केन्द्र में भाजपा की सरकार इस पर चुप्पी साध कर बैठी हुई है।

वैसे तो प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी देश में हिन्दुओं की भलाई के लिए अपने गुणगान करते थकते नहीं परन्तु बंगलादेश में हिन्दुओं के उपर हो रहे अत्याचारों के मामले में दोनो चुप्पी क्यों साध कर बैठे हैं। इससे साफ होता है कि भाजपा हिन्दुओं को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करती है। उन्होने भाजपा की केन्द्र सरकार से अपील की कि वह बंगलादेश में हिन्दुओं की जान माल की सुरक्षा को यकीनी बनाये।












