
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी तथा एलिमेंट्री) मैडम ललिता अरोड़ा ने सरकारी एलीमेंट्री स्मार्ट स्कूल प्रीत नगर का दौरा कर वहां चल रहे सिविल कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर रिंपल तथा मुनीर नैयर भी उनके साथ थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्माण कार्यों में इस्तेमाल किए जा रहे मैटीरियल को भी चेक किया। उन्होंने कहा कि पूरा निर्माण कार्य विभाग द्वारा दिए गए मापदंडों के अनुसार पूरा किया जाए। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बच्चों के अभिभावकों के लिए करवाई जा रही फाउंडेशन लिटरेसी न्यूमैरेसी (एफ. एल. एन.) गतिविधियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के अभिभावकों को भी आसानी से टीचिंग लर्निंग मटेरियल के माध्यम से बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

उन्हें अंकगणित के बारे में कई प्रकार की जानकारी हासिल होती है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इससे अभिभावकों को अपने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि इस स्कूल में स्लम एरिया के बच्चे ज्यादा पढ़ते हैं। पिछले कुछ समय के दौरान इस स्कूल ने बहुत तरक्की की है। जिसके लिए स्कूल स्टाफ बधाई का पात्र है। स्कूल के बच्चे दूसरे स्कूलों की तरह ही सहायक गतिविधियों तथा खेलों में भी पदक जीत चुके हैं। इस मौके पर जिला गाइडेंस काउंसलर राकेश फुल, हेड टीचर प्रवीण कुमार, गरिमा, शशि बाला, बबीता रानी,सुरेंद्र कौर, सुरजीत कौर तथा कुलदीप कौर आदि भी उपस्थित थे।












