
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बस्सी कलां की कक्षा 12वीं की छात्रा गुरवीर कौर ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली में आयोजित 68वें स्कूल नेशनल खेलों में गुरवीर कौर ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया और दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया।

गुरवीर कौर को इस प्रतियोगिता के लिए कोच हरजंग सिंह द्वारा प्रशिक्षित किया गया, जिनकी मेहनत और मार्गदर्शन का नतीजा इस सफलता के रूप में सामने आया। मुकाबले के दौरान गुरवीर ने दमदार पंच और बेहतरीन रक्षात्मक तकनीकों का प्रदर्शन किया, जिससे वह फाइनल तक पहुंची और कड़ा मुकाबला देकर उपविजेता बनीं।
इस उपलब्धि पर गुरवीर कौर के पिता जसविंदर सिंह और माता कुलविंदर कौर ने गर्व और खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गुरवीर की यह सफलता परिवार और पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी बेटी के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
विद्यालय के प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह और शिक्षकों ने भी गुरवीर को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पंजाब और भारत का नाम रोशन करेंगी। गुरवीर की यह जीत अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।












