
रुपनगर (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के जासूसी करने के आरोप में रूपनगर से जसबीर सिंह नाम के एक और यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। जसबीर ‘जान महल’ नाम का एक यूट्यूब चैनल चलता है। उसका जासूस ज्योति मल्होत्रा के साथ भी खास कनेक्शन है। ज्योति मल्होत्रा के साथ उसके कई वीडियो इंटरनेट पर मौजूद हैं। वह पाकिस्तान खुफिया एजेंसी ISI ऑफिसर शाकिर जट्ट रंधावा के भी संपर्क में था। भारत की खुफिया जानकारियां आईएसआई एजेंट के जरिए वह पाकिस्तान को भेज रहा था। जानकारी मुताबक जसबीर सिंह भी तीन बार पाकिस्तान जा चुका है। उसके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज से पाकिस्तान के कई नंबर मिले हैं।

ज्योति की तरह उसने भी दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन में काम करने वाले दानिश के निमंत्रण पर पाकिस्तान नेशनल डे के कार्यक्रम में शिरकत की थी। यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित पाकिस्तानी एंबेसी में हुआ था। पंजाब की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने यूट्यूबर जसबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। वह मोहाली से रूपनगर के गांव महालन का रहने वाला है। ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद जसबीर ने अपनी बातचीत और संपर्कों के सबूत मिटाने की कोशिश की। मोहाली के एसएसओसी थाने में मामला दर्ज किया गया है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।












