
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और जल्द ही इनका हल निकाला जाएगा। लेकिन कर्मचारियों से अपील है कि फिलहाल सरकार को थोड़ा समय दें। क्योंकि, हाल ही में पंजाब ने बाढ़ की मार झेली है तथा पानी उतरने के बाद बहुत सारी समस्याएं हैं, जिनके निवारण में सरकार पूरी तरह से व्यस्त है। हमें पहले बाढ़ ग्रस्त परिवारों को पुनः अपने पैरों पर खड़ा करना है, जिसमें कर्मचारी वर्ग का भी भरपूर सहयोग चाहिए। इसलिए नगर निगन एवं कौंसिल कर्मचारियों से अपील है कि वह अपनी हड़ताल को स्थगित करें ताकि सरकार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सबकुछ सामान्य करने उपरांत कर्मचारियों की मांगों के निवारण हेतु समय मिल सके।

यह बात बैकफिंको के चेयरमैन संदीप सैनी ने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहले भी कर्मचारियों की मांगों का हल किया है और इस बार भी वह पूरी तरह से संजीदा है। लेकिन, बाढ़ ने इस बार जो तबाही पंजाब में मचाई है, उसके कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के घर उजड़ गए हैं और उनके खेत एवं पशुधन भी बर्बाद हो चुका है। जिस कारण उनके पुनर्वास को प्राथमिकता देना हम सभी का फर्ज है। श्री सैनी ने निगम कर्मचारियों से अपील की कि वह बाढ़ ग्रस्त लोगों का सोचकर ही अपनी हड़ताल को वापिस लें।
क्योंकि, हमारे लिए सबसे पहले हमारे प्रदेशवाली व देशवासी होने चाहिए, हड़ताल के लिए तो आगे भी बहुत समय है। उन्होंने यूनियन नेताओं एवं सदस्यों से आशा प्रकट की कि वह आपदा ग्रस्त लोगों के प्रति समर्पण भाव रखते हुए हड़ताल जरुर संपन्न या स्थगित करेंगे।












