
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। ज़िला होशियारपुर के सभी ब्लॉकों के आंगनवाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह कार्यक्रम समाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब के निर्देशों अनुसार तथा जिला प्रोग्राम अधिकारी गगनदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस आयोजन में रॉकेट लर्निंग फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा।

ईसीसीई दिवस के अवसर पर विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में नन्हे बच्चों के लिए शैक्षिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता, कविता पाठ, कहानी सुनाना, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल थे। बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपस्थित माताओं को बच्चों की सेहत, पोषण, स्वच्छता और टीकाकरण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही, गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचकर माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच भी की और उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास बौद्धिक, भावनात्मक और सामाजिक क्षेत्रों को मजबूती प्रदान करती हैं और उनकी प्रारंभिक शिक्षा की नींव को मजबूत बनाती हैं। यह आयोजन बच्चों, माताओं और समुदाय के लिए जागरूकता और सहभागिता का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।












