
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज)। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा एस.ए.वी. जैन डे बोर्डिंग स्कूल, ऊना रोड, होशियारपुर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए “मनोबलम्” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात वक्ता साध्वी राजवंत भारती जी ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवन शैली के बारे में प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।

साध्वी राजवंत भारती जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों पर पढ़ाई, परीक्षा और भविष्य को लेकर अनावश्यक दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को बताया कि नियमित दिनचर्या, ध्यान (मेडिटेशन), सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के माध्यम से तनाव को दूर रखा जा सकता है।
उन्होंने युवाओं को जीवन जीने के सही तरीके भी समझाए। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उसे सीख के रूप में स्वीकार करना चाहिए। अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करें तथा अच्छे मित्रों का चयन करें। उन्होंने यह भी प्रेरित किया कि मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें तथा अपने समय का सदुपयोग करें।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाना था, जिसमें विद्यालय पूर्णतः सफल रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने साध्वी राजवंत भारती जी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











