
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब की महिलाएं मिलनसार और समझदार हैं, लेकिन पंजाब सरकार ने उन्हें बहुत कम आंका है। सरकार को लगता है कि वह महिलाओं को एक बार फिर झांसा देने में कामयाब हो जाएगी, लेकिन सरकार यह जान ले कि जो महिलाएं ‘जागो’ निकाल रही हैं, वे मन में सिर्फ यह सोच रही हैं कि “चलो, जाते चोर की लंगोटी ही सही।”

यह शब्द शिरोमणि अकाली दल की महिला नेत्री नीति तलवाड ने जिला अध्यक्ष (देहाती) लखविंदर सिंह लक्खी के नेतृत्व में पंजाब सरकार के खिलाफ संघर्ष का ऐलान करते हुए जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान शायद यह भूल गए हैं कि जो महिला अपना घर चलाने के लिए सरकार के बजट से कहीं बेहतर बजट कम पैसों में बना लेती है; वह महिला सरकार द्वारा किए गए धोखे को कहीं ज्यादा अच्छी तरह समझती है।
नीति तलवार ने आगे कहा महिलाओं को पता है कि पंजाब सरकार ने उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है।
जहाँ पिछले समय का 48 हजार रुपये बकाया बनता था, वहाँ अब एक हजार रुपये का लालच देकर इन महिलाओं के जमीर को नहीं खरीदा जा सकता। उन्होंने कहा हम माई भागो और झांसी की रानी लक्ष्मी बाई की वंशज हैं। एक महिला अपने मान-सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि एक हजार रुपये के लालच में कोई भी महिला मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा ‘मातृ-शक्ति’ के खिलाफ बोले गए अपशब्दों को माफ नहीं कर सकती। आने वाले समय में शिरोमणि अकाली दल की महिला शक्ति भगवंत मान को बता देगी कि जिसे वे ‘अबला’ समझते हैं, वह अपनी इच्छाशक्ति से किस तरह सत्ता परिवर्तन करवा सकती है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्खी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब महिलाएं कोई संकल्प ले लेती हैं, तो परमात्मा भी उस संकल्प को पूरा करने के लिए मातृ-शक्ति के साथ खड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि महिला संसार की जननी है, इसलिए उसे माँ का दर्जा पहले मिलता है, लेकिन आज भगवंत मान ने महिलाओं के प्रति घटिया शब्दावली का प्रयोग करके अपनी माँ की कोख का भी अपमान किया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नीति तलवार जो भी कार्यक्रम तय करेंगी, शिरोमणि अकाली दल के सभी साथी उनका पूरा साथ देंगे। इस मौके पर संजीव थापर, प्रेम सिंह, नरिंदर सिंह, सरदार भूपिंदर सिंह, जगतार सिंह और अन्य नेता भी उपस्थित थे।












