
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला होशियारपुर में जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत आज दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला के दौरान जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया, डिजिटल सिस्टम तथा फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह की उपस्थिति में जनगणना विभाग के सहायक निदेशक सुप्रिया द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया पर तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। सहायक डायरेक्टर सुप्रिया ने इस अवसर पर बताया कि आगामी जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल मोड में आयोजित की जा रही है। इस बार सरकार द्वारा “सेल्फ इन्यूमरेशन” की सुविधा भी शुरू की गई है, जिसके तहत कोई भी नागरिक 30 अप्रैल 2026 से 14 मई 2026 तक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार/घर की जानकारी दर्ज कर सकेगा।

इसके बाद जनगणना का पहला चरण 15 मई 2026 से 13 जून 2026 तक “हाउस लिस्टिंग” के रूप में करवाया जाएगा। इस दौरान गणनाकर्ता घर-घर जाकर मकानों की जानकारी एकत्र करेंगे और नागरिकों से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसके माध्यम से सरकार को लोगों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की सटीक जानकारी प्राप्त होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वह सरकार द्वारा आयोजित इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करे। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में एस.डी.एम. मुकेरियां ज्योत्सना, उप अर्थ आंकड़ा सलाहकार सुनीता पॉल, समूह तहसीलदार, नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के कार्यकारी अधिकारी, संबंधित चार्ज अफसरों के क्लर्क तथा तकनीकी सहायक शामिल हुए।












