
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सरकारी हाई स्कूल, गोबिंदपुर खुण-खुण में एकीकृत साइंस लैब का उद्घाटन किया गया। इस लैब का उद्घाटन बीबी इंद्रजीत कौर, मेंबर जिला परिषद द्वारा विधिवत रूप से किया गया।

इस अवसर पर पलविंदर सिंह सज्जन, अनुराधा दत्ता (मेंबर ब्लॉक समिति), देव सिंह कौंसिल, सरपंच गोबिंदपुर खुण-खुण, पंचायत सदस्य, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य तथा सरकारी हाई स्कूल भिखोवाल का स्टाफ भी विशेष रूप से उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन और गांव के गणमान्य लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बीबी इंद्रजीत कौर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह साइंस लैब विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
स्कूल की मुख्य अध्यापिका समरितु राणा ने अपने संबोधन में स्कूल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दी जा रही आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकीकृत साइंस लैब के शुरू होने से विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल ज्ञान प्राप्त करने में काफी मदद मिलेगी, जिससे उनकी विज्ञान विषय में रुचि और समझ दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा क्रांति के तहत सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से विद्यार्थियों को व्यापक लाभ मिल रहा है और सरकारी स्कूलों का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है।
इस मौके पर पलविंदर सिंह सज्जन ने कहा कि स्कूल की हर आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने साइंस लैब का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध उपकरणों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लैब विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी और उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्रदान करेगी।











