Monday, November 2, 2026
Home Hoshiarpur पंजाब के सरकारी स्कूलों में 30 मई को मनेगा “शिक्षा का महा जश्न”, मेगा PTM और अभिभावक...

पंजाब के सरकारी स्कूलों में 30 मई को मनेगा “शिक्षा का महा जश्न”, मेगा PTM और अभिभावक कार्यशाला का होगा आयोजन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आगामी 30 मई 2026 (शनिवार) को “शिक्षा का महा जश्न” मनाने का निर्णय लिया है । इसके तहत स्कूलों में एक भव्य ‘मेगा पीटीएम’ और अभिभावक कार्यशाला (Parents Workshop) का आयोजन किया जाएगा । यह कदम नीति आयोग की स्कूल शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026 और भारत सरकार के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में पंजाब को देश भर में पहला स्थान मिलने की खुशी में उठाया जा रहा है ।

Advertisements

एससीईआरटी के इस आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इस शानदार उपलब्धि को शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों के साथ साझा करना है । इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल स्तर पर शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले छात्रों, किसी भी विषय में 100% अंक पाने वाले मेधावियों, और जेईई  व क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं पास करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा ।

कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं और तैयारियां:

· समय और प्रारूप: कार्यक्रम 30 मई को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगा । अभिभावकों की कार्यशाला 1 घंटे की होगी, जो 30-40 के छोटे समूहों (बैचों) में आयोजित की जा सकती है ।

· शिक्षकों का सम्मान: नीति आयोग की रिपोर्ट में पहला स्थान दिलाने के लिए स्थानीय विधायकों और गणमान्य व्यक्तियों द्वारा स्कूल स्टाफ को भी सम्मानित किया जाएगा ।

· विशेष निर्देश: मेगा पीटीएम के दिन नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी, छात्र अपने माता-पिता के साथ इस उत्सव में भाग लेंगे । यह कार्यशाला पूरी तरह संवादात्मक होगी, न कि केवल भाषण आधारित ।

· 100% उपस्थिति का लक्ष्य: स्कूल प्रमुखों को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, और धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर के माध्यम से गांव-गांव तक संदेश पहुंचाकर 100% अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।

मुख्यालय द्वारा पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी और अधिकारियों द्वारा औचक फोन कॉल के जरिए अभिभावकों से सीधे फीडबैक भी लिया जाएगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here