होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जब से जाति, इनकम तथा रिहायशी प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया को सरकार द्वारा ऑन लाइन किया गया है, तब से आम लोगों के पल्ले परेशानी के सिवाए कुछ भी नहीं पड़ रहा। जबकि, सरकार झूठे प्रचार, वाहवाही एवं घोषणाओं में व्यस्त है तथा उसे आम जनता की कोई परवाह नहीं है। लेकिन, सरकार के इस रवैये के चलते आम लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है और अगर सरकार ने जल्द इसका कोई हल न निकाला तो यह रोष सड़कों पर देखने को मिलेगा। यह बात पूर्व पार्षद व भाजपा नेता पं. विक्रम मेहता ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस समस्या को देखते हुए इस सुविधा को पहले की तरह ही ऑफ लाइन शुरु कर देना चाहिए ताकि लोग जल्द से जल्द प्रमाणपत्र बनवा सकें। ऑफ लाइन प्रक्रिया से कई लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ था और सरकार ने उसे एक झटके में ही खत्म कर दिया। ठफ लाइन के माध्यम से जब प्रमाणपत्र बनते थे तो लोग एक ही छत के नीचे जाकर पटवारी, गोदावर एवं तहसीलदार से कार्य करवा लेते थे। लेकिन ऑन लाइन सुविधा पूरी तरह से दुविधा सिद्ध हो रही है और लोगों को खासकर विद्यार्थी वर्ग को खासी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। पं. विक्रम मेहता ने सरकार से मांग की कि इस प्रमाणपत्र बनाने की इस सुविधा को ठफ लाइन किया जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।








