
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। दिव्यांगजन को मतदान प्रक्रिया में समान रूप से भाग लेने का अवसर प्रदान करने हेतु डिस्ट्रिक्ट मोनिटरिंग कमेटी ऑन असेसिबल इलेक्शन (डीएमसीएएफ) महत्वपूर्ण बैठक डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के दिशा निर्देशों पर आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, एनजीओ प्रतिनिधियों तथा दिव्यांगजन से संबंधित संगठनों ने भाग लिया। इस अवसर पर कमेटी के नोडल अधिकारी ज़िला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनप्रीत सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि चुनाव प्रक्रिया हर व्यक्ति के लिए सुलभ और समावेशी हो, विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं के लिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, ब्रेल लिपि में मतदाता सूची, संकेतक बोर्ड, साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर और हेल्पलाइन नंबर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

साथ ही, दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर उन्हें घर से मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में सुझाव दिया गया कि दिव्यांगजनों की सूची को बनाकर कर पंजीकृत मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए। इसके अतिरिक्त, उनकी सुविधा हेतु विशेष प्रशिक्षण प्राप्त वालंटियर्स की तैनाती का भी प्रस्ताव रखा गया। चुनाव कानूनगो दीपक कुमार ने कहा कि जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजन को प्रेरित किया जाएगा ताकि वे स्वतंत्र रूप से मतदान कर सकें। इस अवसर पर डिप्टी डीईओ धीरज वशिष्ट, शैलेंद्र ठाकुर, इंदरजीत नंदन, प्रदीप कुमार, हरिंदर सिंह फ्लोरा, डॉ. निशा मोदी, आरती के अलावा कमेटी के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।











