
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला प्रशासन होशियारपुर की ओर से समाजिक सुरक्षा एवं महिला तथा बाल विकास विभाग के दिशा-निर्देशों पर आज नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र होशियारपुर में अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के दुरुपयोग व गैर कानूनी नशा तस्करी रोकथाम दिवस संबंधी समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने केंद्र में उपचाराधीन मरीजों को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा छोड़कर एक नई शुरुआत करना न केवल आत्मबल का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। एसडीएम ने नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें एक नया जीवन शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में पुनः स्थापित होना पूरी तरह संभव है। अपने संबोधन में उन्होंने जीवन में संतुलन के महत्व पर बल दिया और पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान की सराहना करते हुए इसकी व्यापकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पोस्टर मेकिंग और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें भाग लेने वाले पीड़ितों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सरकारी कॉलेज, जिला होशियारपुर के विद्यार्थियों की ओर से अध्यापक अंकुर शर्मा के नेतृत्व में “युद्ध नशे के विरुद्ध” विषय पर एक जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी उपस्थित लोगों ने सराहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष नशा विरोधी रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और आम जनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के दस वर्ष पूर्ण होने पर मुख्य अतिथि द्वारा केक काटकर इस उपलब्धि को मनाया गया। समारोह में जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनप्रीत सिंह ने मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम में शामिल हुए सिविल सर्जन डा. पवन कुमार, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डा. हरबंस कौर, डा. महिमा मिन्हास और सभी स्टाफ का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ भी ली। इस मौके पर सहायक लोक संपर्क अधिकारी लोकेश कुमार, प्रबंधक, डी.डी.आर.सी. निशा, काउंसलर प्रशांत आदिया, संदीप कौर के अलावा सुरिंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे।











