
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर के निर्देशों पर जिला नगर योजनाकार कार्यालय, होशियारपुर की टीम ने नगर निगम सीमा क्षेत्र से बाहर स्थित पांच अनाधिकृत कॉलोनियों को गिराने की कार्रवाई की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला नगर योजनाकार संजय कुमार ने बताया कि 20 अगस्त को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में गांव गालड़ियां तहसील मुकेरियां, गांव जाहिदपुर अवाना तहसील मुकेरियां, गांव नंगल बिहाला सब-तहसील हाजीपुर, गांव बेगपुर कमलोह सब-तहसील हाजीपुर तथा गांव हरियाणा तहसील होशियारपुर में विकसित की गई पांच अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही आम जनता को सचेत किया गया है कि वे ऐसी अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें, ताकि उनके धन का नुकसान न हो और उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।












