Monday, September 21, 2026
Home Hoshiarpur होशियारपुर जिला बार एसोसिएशन में महिलाओं का दबदबा: एडवोकेट गुरप्रीत कौर बनीं...

होशियारपुर जिला बार एसोसिएशन में महिलाओं का दबदबा: एडवोकेट गुरप्रीत कौर बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा जिला बार एसोसिएशनों  में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण के ऐतिहासिक फैसले के बाद, होशियारपुर बार एसोसिएशन के चुनावों में महिलाओं ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद, एडवोकेट गुरप्रीत कौर ने होशियारपुर जिला बार एसोसिएशन की पहली महिला उपाध्यक्ष  बनकर इतिहास रच दिया है।

Advertisements

इस शानदार जीत के बाद, पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल की होशियारपुर से पहली महिला चुनी गईं सदस्य डॉ. रजनी नंदा ने एडवोकेट गुरप्रीत कौर को विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके अलावा, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट एच.एस. धामी ने भी अपने गृह निवास पर एडवोकेट गुरप्रीत कौर का मुंह मीठा करवाकर इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।

महिला सशक्तिकरण  की मिसाल पेश करते हुए इस बार के चुनावों में एडवोकेट नैंसी शर्मा जॉइंट सेक्रेटरी चुनी गई हैं। इसके साथ ही, एग्जीक्यूटिव मेंबर्स के रूप में 3 महिलाओं—एडवोकेट रितिका सिंह, एडवोकेट चेतना कुमरा और एडवोकेट मनदीप कौर—ने भी जीत हासिल की है। बार एसोसिएशन में महिलाओं का यह प्रतिनिधित्व कानूनी क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस अवसर पर बात करते हुए नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष एडवोकेट गुरप्रीत कौर ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता ‘बार और बेंच’  के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना होगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महिला वकीलों को आ रही समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा, बार कॉम्प्लेक्स में जो भी बुनियादी सुविधाएं अभी अधूरी हैं, उन्हें आदरणीय अध्यक्ष एडवोकेट शमशेर भारद्वाज के दिशा-निर्देशों के अनुसार जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

इस खास मौके पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने के लिए कानूनी जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं, जिनमें एडवोकेट पंचम शर्मा, एडवोकेट जेम्स, डॉ. इकनूर थियाड़ा, एडवोकेट गुरुप्रसाद, एडवोकेट अमनदीप कौर, एडवोकेट रितिका और अन्य गणमान्य वकील शामिल थे। सभी ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि यह टीम वकील समुदाय के कल्याण और अधिकारों के लिए उत्कृष्ट कार्य करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here