Tuesday, September 22, 2026
Home Entertainment India Ke Top 1% Review: बिजल शाह की ऐतिहासिक जीत और अनिल...

India Ke Top 1% Review: बिजल शाह की ऐतिहासिक जीत और अनिल कपूर का ‘झकास’ अंदाज़ बना मुख्य आकर्षण

मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। स्टार प्लस का नया गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ 19 सितंबर से शुरू हो चुका है। भव्य मंच, 100 प्रतिभागी और ₹1 करोड़ की इनामी राशि इसे बड़े स्तर का खेल बनाते हैं, लेकिन इसकी असली जान इसके सवालों में छिपी है। ये सवाल आपकी किताबी जानकारी नहीं, बल्कि नज़र, समझ और रोज़मर्रा की सूझबूझ को परखते हैं। खेल शुरू होते ही दर्शक भी टीवी के सामने बैठकर जवाब तलाशने लगते हैं।

Advertisements

शो की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां सवाल मुश्किल कम और चतुर ज्यादा हैं। कई बार जवाब बिल्कुल सामने होता है, लेकिन जल्दबाज़ी या जरूरत से ज्यादा सोचने के कारण नज़र से छूट जाता है। एक पल आपको लगता है कि आप आसानी से शीर्ष एक प्रतिशत लोगों में जगह बना सकते हैं और अगले ही सवाल का जवाब आपकी सारी गलतफहमी दूर कर देता है। यही उतार-चढ़ाव खेल को लगातार रोमांचक बनाए रखता है।

जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध ‘प्ले अलॉन्ग’ सुविधा दर्शकों को सिर्फ खेल देखने तक सीमित नहीं रहने देती। आप घर बैठे उसी समय सवालों के जवाब दे सकते हैं और अपनी समझ आज़मा सकते हैं। परिवार के साथ शो देखने पर इसका मज़ा कई गुना बढ़ जाता है। हर सवाल पर अलग-अलग जवाब आते हैं, अपनी बात सही साबित करने के लिए दलीलें दी जाती हैं और सही उत्तर सामने आते ही किसी की खुशी तो किसी की बोलती बंद हो जाती है।

अनिल कपूर अपनी ऊर्जा और चिर-परिचित ‘झकास’ अंदाज़ से शो में भरपूर मनोरंजन जोड़ते हैं। प्रतिभागियों के साथ उनकी बातचीत सहज लगती है और उनकी हाज़िरजवाबी माहौल को हल्का बनाए रखती है। वह मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराते हैं, लेकिन खेल और प्रतिभागियों को पीछे नहीं छोड़ते। सही समय पर किया गया उनका मज़ाक और उत्साह बढ़ाने वाला अंदाज़ शो की रफ्तार को बनाए रखता है।

पहले ही भाग में मुंबई की चार्टर्ड अकाउंटेंट बिजल शाह ने शानदार खेल दिखाते हुए शो की पहली विजेता बनने का गौरव हासिल किया और ₹96 लाख की बड़ी राशि अपने नाम की। दबाव के बीच उनका शांत रहना और हर सवाल को ध्यान से समझना उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। उनकी जीत ने पहले भाग को एक यादगार और भावनात्मक अंत दिया।

‘इंडिया के टॉप 1%’ केवल सवालों और इनामी राशि का खेल नहीं है। यह दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करता है कि कई बार सही जवाब पाने के लिए बहुत कुछ जानने से ज्यादा जरूरी सही चीज़ पर ध्यान देना होता है। मनोरंजन, रोमांच और परिवार के साथ खेलने का मौका देने वाला यह शो सप्ताहांत के लिए एक पैसा वसूल विकल्प है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here