
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कोविड-19 के दौर में जहां पूरा जिला प्रशासन लोगों तक हर जरुरी सुविधाएं पहुंचाने में जुटा हुआ था वहीं फील्ड में लोगों को आ रही समस्याओं व अन्य परेशानियों पर नजर रखने के लिए सिविल डिफैंस वालंटियर दिन रात लगे हुए थे। जिला प्रशासन के आंख व कान बन कर यह वालंटियर जनता की हर छोटी से बड़ी परेशानी को प्रशासन तक पहुंचा रहे थे और इनके फीड बैक पर प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाती थी। डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने कहा कि लॉकडाउन के समय के दौरान सिविल डिफैंस वालंटियरों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया, जिसके लिए सिविल डिफैंस की पूरी टीम प्रशंसा की पात्र है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस मुश्किल समय के दौरान जिला प्रशासन होशियारपुर ने कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए व फील्ड में सही फीडबैक लेने के लिए सिविल डिफैंस के वालंटियर तैनात किए थे। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(विकास) हरबीर सिंह के नेतृत्व में होशियारपुर में करीब 100 वालंटियरों को तैनात किया गया है व इन वालंटियरों को जहां वार्ड स्तर पर सब्जी व फल बेचने वाले विक्रेताओं पर नजर रखने के लिए कहा गया, वहीं कफ्र्यू का उल्लंघन सहित फील्ड में सही फीडबैक प्रशासन को देने के लिए निर्देश दिए गए थे। अपनीत रियात ने बताया कि इन वालंटियरों के नंबर भी सार्वजनिक किए गए थे ताकि वार्ड स्तर पर अगर लोगों को कोई समस्या आती है तो वे इन वालंटियरों के ध्यान में ला सकें। इसके अलावा वालंटियरों की ओर से रोजाना अपने निर्धारित वार्डों का दौरा किया जाता था।
इस दौरान जहां भी जनता को फल व सब्जियों की सप्लाई आदि की कोई समस्या आती थी, तब उनकी ओर से इन वालंटियरों के ध्यान में लाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि इनकी ओर से रिपोर्ट के चलते तुरंत अधिकारियों को संबंधित सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए जाते थे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह वालंटियर जहां निगरानी का काम करते थे वहीं लोगों को सामाजिक दूरी बनाने, समय-समय पर 20 सैकेंड तक हाथ साबुन से धोने व मास्क पहनने के लिए भी जागरुक करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिविल डिफैंस वालंटियरों ने तो अपनी ड्यूटी निभा दी और अब हमारी बारी है। उन्होंने कहा कि कोरोना पर फतेह अमल के साथ ही पाई जा सकती है, इस लिए मिशन फतेह के अंतर्गत सामाजिक दूरी, मास्क, हाथ धोने जैसी सावधानियों को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना समय की मुख्य जरुरत है।











