
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल द्वारा डॉ. अजय बग्गा, सेंचुरियन ब्लड डोनर, को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ अवॉर्ड से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। यह अवॉर्ड स्वैच्छिक रक्तदान, ट्रांसफ्यूजन सेवाओं और जनहित के क्षेत्र में डॉ. बग्गा के लंबे समय से चले आ रहे योगदान को मान्यता देता है। उल्लेखनीय है कि डॉ. बग्गा रक्तदान को आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के माध्यम के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड डॉ. बग्गा को 5 अक्टूबर को नेशनल वॉलंटरी ब्लड डोनेशन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब म्यूनिसिपल भवन, चंडीगढ़ में प्रदान किया जाएगा।

ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल द्वारा इस अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर डॉ. बग्गा ने काउंसिल, सभी रक्तदाताओं और इस सेवा की यात्रा में उनका साथ देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया। डॉ. बग्गा का कहना है कि रक्तदान करने से मन को शांति, धैर्य और संतोष मिलता है, क्योंकि दान किया गया रक्त अस्पतालों में रक्त की कमी के कारण भर्ती मरीजों की बुझ रही जीवन ज्योति को जगमगाए रखने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि 18 से 65 वर्ष की आयु के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाते हुए हर 3 महीने बाद रक्तदान सेवा अवश्य करनी चाहिए।











